ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के जालंधर में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। “युद्ध नशे के विरुद्ध” के तहत शहर के 19 इलाकों में एक साथ सर्च ऑपरेशन किया गया, जिससे नशा तस्करों में हड़कंप मच गया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में नशा बरामद किया गया।
200 से ज्यादा पुलिसकर्मी ऑपरेशन में शामिल
इस विशेष अभियान को पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के निर्देशों पर अंजाम दिया गया। ऑपरेशन की अगुवाई डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों, ADCP आकृर्षि जैन और ADCP परमजीत सिंह ने की।
इस दौरान करीब 220 पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग टीम बनाकर नाकाबंदी और छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 1.5 किलो हेरोइन, 500 ग्राम गांजा, 120 नशीली गोलियां और 110 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए।
23 आरोपी काबू, NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत अलग-अलग थानों में 23 मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि ये सभी आरोपी नशा तस्करी में शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।