ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में में आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश प्रभारी मनीष सिसोदिया ने शाहपुर सिटी कैंपस में अहम बैठक आयोजित की। इस बैठक में करीब 1000 ब्लॉक ऑब्जर्वरों के साथ मंत्री और विधायक भी शामिल हुए। मीटिंग के बाद सिसोदिया ने मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी की रणनीति और संगठन को लेकर विस्तार से जानकारी दी।
ऑब्जर्वर पार्टी और सरकार के बीच पुल का काम करते हैं
सिसोदिया ने बताया कि पार्टी ने हर 15 गांव या 15 वार्ड के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किए हैं। इनका काम जमीनी स्तर पर लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं समझना और उन्हें सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ये ऑब्जर्वर पार्टी और सरकार के बीच मजबूत कड़ी के रूप में काम कर रहे हैं।
ढाई लाख वालंटियर के साथ जमीनी फीडबैक
उन्होंने बताया कि फरवरी महीने में ऑब्जर्वरों को गांव-गांव भेजा गया था, जहां उन्होंने करीब ढाई लाख वालंटियर्स के साथ बैठकें कीं। कई जगहों पर ऑब्जर्वरों ने एक-दो दिन रुककर लोगों की समस्याएं सुनीं और फीडबैक इकट्ठा किया, जिसके आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जा रही है।
AAP कार्यकर्ता जनता से मिलता है मोटिवेशन
सिसोदिया ने कहा कि AAP का कार्यकर्ता जनता के लिए काम करके ही प्रेरणा लेता है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी की मजबूती जमीनी कार्यकर्ताओं की मेहनत से है। पंजाब सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और रोजगार के क्षेत्र में अच्छा काम कर रही है।
भाजपा पर निशाना, विधायकों पर दी सफाई
सिसोदिया ने कहा कि AAP ने पिछले चार सालों में वह काम करके दिखाया है, जो अन्य पार्टियां 75 सालों में नहीं कर सकीं। उनके विधायक केवल जनता के संपर्क में हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए उसे “झूठी पार्टी” बताया और कहा कि लोगों को उसकी बातों में नहीं आना चाहिए।