ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में नगर निगम के एक कर्मी के साथ कथित मारपीट को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 20 के पार्षद मनमोहन सिंह राजू के बेटे शुभम ने उस पर हमला किया। इस घटना के बाद पीड़ित और अन्य कर्मियों ने भारत नगर मार्केट स्थित पार्षद के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया।
पीड़ित ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित रोहित ने बताया कि वह कच्चा कर्मी है और अपने दो साथियों के साथ शिकायत लेकर दफ्तर गया था। उसका आरोप है कि वहां पार्षद और उनके बेटे ने उसके साथ मारपीट की। रोहित का कहना है कि कुछ दिन पहले वह धार्मिक स्थल पर गया था, जिसकी रंजिश निकालते हुए उसे दफ्तर बुलाकर पीटा गया। उसने आरोप लगाया कि शुभम ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और कपड़े फाड़ दिए।
नगर निगम के अन्य कर्मियों ने भी इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि बिना जांच और पूछताछ के कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पार्षद ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं दूसरी ओर पार्षद मनमोहन सिंह राजू ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि घटना स्थल की निगरानी फुटेज मौजूद है, जिसमें साफ दिखाई देता है कि कर्मी ने खुद अपने कपड़े फाड़े और हंगामा किया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच केवल बहस हुई थी, मारपीट नहीं।
पार्षद के बेटे ने भी दी सफाई
पार्षद के बेटे शुभम ने भी अपना पक्ष रखते हुए कहा कि इलाके में गंदे पानी की समस्या को लेकर उसने रोहित को काम में सहयोग के लिए बुलाया था। उसका आरोप है कि रोहित ने आते ही एक बुजुर्ग कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसे दफ्तर से बाहर भेज दिया गया। शुभम का कहना है कि जब रोहित दफ्तर से गया, तब वह पूरी तरह ठीक था और उसके कपड़े भी सही थे।