ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने 85 लाख रुपए की कीमत के करीब 400 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने फोन बरामद करने के बाद उनके मालिकों को सौंप दिए हैं। अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने इसकी जानकारी दी है।
पहले 300 मोबाइल ढूंढे थे
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आम लोगों के साथ बेहतर रिलेशन और उनकी मदद करना हमारा पहला फर्ज़ है। इससे पहले पुलिस की टीम ने स्पेशल प्रोग्राम के तहत 100 और फिर 200 मोबाइल फोन बरामद किए थे। जिसके बाद उनके मालिकों लौटा गए थे। अब फिर स्पेशल प्रोग्राम के तहत 400 मोबाइल फोन लोगों को दिए गए हैं।
ऐसे बरामद किए मोबाइल फोन
उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन को ट्रैक करने के लिए केंद्र सरकार के CEIR पोर्टल की मदद ली गई। इस पोर्टल के जरिए पूरे देश में मोबाइल फोन को ट्रैक किया जा सकता है। इसी तकनीक की सहायता से कई मोबाइल पंजाब के अलग-अलग जिलों और अन्य राज्यों से भी बरामद किए गए। बरामद किए गए मोबाइल फोन में 13 आईफोन और 387 अलग-अलग कंपनियों के एंड्रॉयड फोन शामिल हैं।