ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर जिला बार एसोसिएशन ने कानूनी बिरादरी के सदस्यों के साथ हो रही अप्रिय घटनाओं और पुलिस प्रशासन की कथित निष्क्रियता के विरोध में 30 अप्रैल 2026 को काम बंद दिवस घोषित किया है। इस फैसले के तहत जिले भर के वकील आज कोर्ट के काम से दूर रहेंगे।
यह फैसला एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष राम छाबड़ा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में वकीलों ने बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए कड़ा रुख अपनाने की बात कही।
एडवोकेट मनी महाजन मामले को लेकर विरोध
विरोध का मुख्य कारण एडवोकेट मनी महाजन के साथ हुई घटना बताया जा रहा है। सेंट्रल टाउन में उनके खरीदे गए प्लॉट पर निर्माण के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने अवैध रूप से बाधा डाली और दबाव बनाने की कोशिश की। आरोपियों ने मनी महाजन और उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
पुलिस कार्रवाई न होने से नाराजगी
इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर तीन में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा, एक अन्य वकील रोबिन सेठी को भी साथ देने पर धमकियां मिलने की बात सामने आई है।
वकीलों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
एसोसिएशन का कहना है कि उच्च अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद भी कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। पुलिस की इस कार्यप्रणाली के खिलाफ वकीलों में भारी आक्रोश है। इसी के चलते सभी वकीलों ने एकजुट होकर आज कामकाज ठप रखने का फैसला लिया है।