पंजाब और चंडीगढ़ में दो दिन पहले हुई बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आई थी, जिससे ठंड बढ़ गई थी। हालांकि सोमवार को मौसम साफ रहने के चलते दिन के तापमान में एक ही दिन में 4.7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है।
आज 7 जिलों में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के 7 जिलों पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर (रोपड़), गुरदासपुर, अमृतसर, नवांशहर और मोहाली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं चंडीगढ़ में आज मौसम साफ रहने के आसार हैं, हालांकि कुछ जगहों पर बादल छा सकते हैं।
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए मोहाली, चंडीगढ़ और पंचकूला में हल्की बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।विभाग के मुताबिक, पहाड़ी इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और उसके पीछे एक अन्य सिस्टम के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है। हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में करीब 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर चक्रवाती हवाओं का प्रभाव भी बना हुआ है।
सोमवार को तेज धूप निकलने के कारण राज्य के कई शहरों में तापमान तेजी से बढ़ा। 15 शहरों में तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया। श्री आनंदपुर साहिब में 30.2 डिग्री, फरीदकोट में 29.4 डिग्री और चंडीगढ़ व पटियाला में 29.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। लुधियाना, मोहाली और अन्य शहरों में भी 1.7 से 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी देखी गई।
3 दिन आंधी-ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरिंदर पाल के अनुसार, 18 से 21 मार्च के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ेगा, इसके बाद 3 दिनों में 5 से 7 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, और फिर तापमान में दोबारा बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।