कनाडा के एडमॉन्टन के पास लेड्यूक इलाके में पंजाबी मूल के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना 14 मार्च की दोपहर की है, जब अज्ञात हमलावरों ने हाईवे-2 पर उसकी कार को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
मृतक स्टडी वीजा पर कनाडा गया था
मृतक की पहचान 22 साल के बीरइंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पंजाब का रहने वाला था और स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह हाल ही में अल्बर्टा प्रांत में कंस्ट्रक्शन सेक्टर में काम कर रहा था।
दोस्तों के साथ लॉन्ग ड्राइव पर निकला था बीरइंद्र
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय बीरइंद्र अपने दोस्तों के साथ लॉन्ग ड्राइव पर निकला था और पहली बार बैनफ घूमने जा रहा था। तभी एक सफेद या ग्रे पिकअप ट्रक में सवार हमलावरों ने उसकी कार को रोका। पहले उन्होंने दोस्ती का इशारा किया और अचानक खिड़की खोलकर बिना किसी उकसावे के फायरिंग शुरू कर दी।
गोली बीरइंद्र की गर्दन में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके दोस्तों ने कार को संभालकर सड़क किनारे रोका और पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह टारगेटेड हमला था या कोई अन्य कारण। वहीं मृतक के दोस्तों ने आशंका जताई है कि यह नस्लीय नफरत का मामला भी हो सकता है।
मामले की जांच रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) की मेजर क्राइम यूनिट कर रही है। पुलिस ने संदिग्ध पिकअप ट्रक और उसमें सवार दो लोगों की पहचान के लिए लोगों से डैशकैम और सीसीटीवी फुटेज साझा करने की अपील की है।
आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
परिवार ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही, उन्होंने सरकार से बीरइंद्र का पार्थिव शरीर भारत भेजने की अपील की है। बीरइंद्र अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और तीन साल पहले ही बेहतर भविष्य के लिए कनाडा गया था।