ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना शहर की जानी-मानी मोबाइल शॉप ‘कुबेर किंग’ के मालिक सुनील धीर की वीडियो सामने आई है। जिसमें वे नेशनल हाईवे पर खड़े होकर फूट-फूट कर रोते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर लाइव आकर उन्होंने अपनी जान और माल को खतरे में बताते हुए गुहार लगाई है कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार मौत के घाट उतारने की धमकियां मिल रही हैं।
बहन को जान से मारने की धमकी
सुनील धीर ने बताया कि हाल ही में उन्होंने दुगरी इलाके में अपनी दुकान की एक नई शाखा शुरू की थी, जिसके तुरंत बाद से ही उन्हें फिरौती के कॉल आने लगे। बदमाशों ने उनकी बहन को फोन करके बेहद डरावनी धमकी दी है। बदमाशों का कहना है कि यदि उन्हें हर महीने एक लाख रुपये की फिरौती नहीं दी गई, तो वे सुनील और उनकी बहन, दोनों के माथे पर गोली मार देंगे।
मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा
पीड़ित कारोबारी ने केवल धमकियों तक ही सीमित न रहने का आरोप लगाते हुए बताया कि बदमाश अब ओछी हरकतों पर उतर आए हैं। उनके मुताबिक, सोशल मीडिया पर उनकी पत्नी और बहन की तस्वीरों के साथ अश्लील गाने जोड़कर उन्हें सार्वजनिक रूप से बदनाम और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन पर भरोसा भी जताया
हालांकि इस बेहद भावुक वीडियो में सुनील धीर ने पुलिस प्रशासन के प्रति अपना भरोसा जताया है। उन्होंने ACP सरबजीत सिंह और स्थानीय मेयर का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने सुरक्षा देने की कोशिश की। इसके बावजूद बदमाशों के बेखौफ अंदाज ने उन्हें अंदर से हिलाकर रख दिया है।