पंजाब में गर्मी ने तेजी से असर दिखाना शुरू कर दिया है। हालांकि इसी बीच सुबह से जालंधर समेत कई जिलों मे हल्की बारिश भी शुरू हो गई है। वही Western Disturbance के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग ने 17 अप्रैल को आंधी, तूफान और बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि कुछ जिलों में बारिश की संभावना भी जताई गई है।
पिछले दिन की तुलना में तापमान में 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 3.5 डिग्री अधिक है। सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 40.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि चंडीगढ़ में 38.1 डिग्री तापमान रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री ज्यादा है। लुधियाना में सबसे अधिक 4.1 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 39.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। शुक्रवार सुबह 9 बजे तक बिजली की खपत 9503 मेगावाट तक पहुंच गई, जबकि राज्य में उत्पादन 3979 मेगावाट है। बाकी बिजली केंद्रीय पूल से खरीदी जा रही है। अनुमान है कि दिन में यह मांग 10 हजार मेगावाट के पार जा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
18 अप्रैल को मौसम साफ रहने की संभावना
18 अप्रैल को मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि 19 अप्रैल को फिर से बारिश के आसार हैं। हालांकि 23 अप्रैल तक किसी बड़े स्तर की बारिश की संभावना नहीं है। राज्य में इस सप्ताह अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है, और अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है।