पंजाब के तरनतारन जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक परिवार द्वारा मटर की सब्जी खाने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य बीमार पड़ गए। सभी का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, दिलबाग सिंह ने बताया कि उन्होंने तरनतारन की एक दुकान से मटर का बंद पैकेट खरीदा था। मंगलवार रात परिवार ने उन्हीं मटरों की सब्जी बनाकर खाई थी। खाना खाने के कुछ समय बाद उनके कर्मचारी जगतार सिंह जग्गी ने पेट दर्द की शिकायत की।
परिवार को पेट दर्द और बेचैनी होने लगी
दिलबाग सिंह के मुताबिक, जगतार सिंह की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। इसी दौरान परिवार के अन्य सदस्यों को भी पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत होने लगी। सभी को तुरंत तरनतारन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जगतार सिंह जग्गी को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिलबाग सिंह, उनकी पत्नी और दोनों बहुओं का इलाज जारी है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बीमारी और मौत का वास्तविक कारण क्या है।