ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के पठानकोट बाईपास फ्लाईओवर पर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। जैसे ही कार में आग लगी उसमें मौजूद पति-पत्नी तुरंत गाड़ी रोक कर उसमें से बाहर निकले। देखते ही देखते पूरी नई स्विफ्ट डिज़ायर कार जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को नुकसान नहीं हुआ।
रिश्तेदारों का हालचाल पूछने जा रहे थे अस्पताल
जानकारी के मुताबिक कार सवार पति-पत्नी अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार का हालचाल पूछने के लिए कार से जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार पठानकोट बाईपास फ्लाईओवर पर मल्टीप्लेक्स के पास पहुंची तो उसमें से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते कार में अचानक आग लग गई। जिसके बाद दंपति ने तुरंत गाड़ी को रोका और उसमें से नीचे उतर गए।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
आग इतनी भयंकर हो गई थी कि कार का इंटीरियर पूरी तरह नष्ट हो गया। सीटें, स्टीयरिंग और खिड़कियों के शीशे भी आग की चपेट में आकर राख हो गए। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीर और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए। कुछ लोगों ने पानी डालकर और गाड़ियों के फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग लगातार बढ़ती रही।
इसके बाद फायर ब्रिगेड को इसकी जानकरी दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
शुरूआती जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग
घटना की जानकारी मिलते ही जालंधर के डिवीजन नंबर 8 की पुलिस टीम अधिकारी मेवा सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके का जायजा लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।