Chandigarh में अपराध का ग्राफ बढ़ता नजर आ रहा है। सेक्टर-9 स्थित एक सैलून मालिक को Bambiha Gang के नाम पर 1 करोड़ रुपए की फिरौती की धमकी मिली है। आरोपी ने अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर खुद को गैंगस्टर Lucky Patial बताया।
परिवार को नुकसान पहुंचाने की दी धमकी
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार शाम करीब 6:43 बजे उसे एक अज्ञात विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि उसे उसके पूरे कारोबार की जानकारी है और 1 करोड़ रुपए देने होंगे, वरना परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा।
जब सैलून मालिक ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी ने 50 लाख रुपए तुरंत और बाकी 50 लाख बाद में देने का दबाव बनाया। साथ ही पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
सूचना मिलते ही सेक्टर-34 थाना पुलिस और डीएसपी साउथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब कॉल डिटेल्स और विदेशी नंबर के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साइबर सेल भी मामले की जांच में जुटी है।
तीन दिनों में तीसरी बड़ी वारदात
गौरतलब है कि हाल ही में Punjab University में सोपू नेता पर फायरिंग और सेक्टर-9 में एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के बाद यह तीन दिनों में तीसरी बड़ी वारदात है, जिससे शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है।