ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का असर अब भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर आने लगा है। तेल कंपनियों की रिपोर्ट के अनुसार, स्पीड और पावर जैसे प्रीमियम पेट्रोल की कीमतें ₹2.09 प्रति लीटर बढ़ा दी गई हैं। यह बढ़ोतरी अलग-अलग शहरों में लागू की गई है। कीमतें आज से ही पूरे देश में लागू की जाएंगी।
रेगुलर पेट्रोल के नहीं बढ़े रेट
यह फैसला मुख्य रूप से मध्य पूर्व में चल रहे भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक ईंधन बाजारों पर इसके बढ़ते प्रभाव के कारण लिया गया है। हालांकि, आम उपभोक्ताओं के लिए यह एक बड़ी राहत की बात है कि नियमित (रेगुलर) पेट्रोल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मध्य पूर्व संकट और कच्चे तेल पर प्रभाव
भारत में प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में हुई यह बढ़ोतरी वैश्विक स्तर पर बन रहे युद्ध के हालातों का सीधा परिणाम है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध और तनाव के कारण तेजी से ऊपर जा रही हैं। वैश्विक ईंधन बाजार इस समय भारी अस्थिरता का सामना कर रहा है, जिसका दबाव अब घरेलू बाजार में भी दिखने लगा है।