पंजाब में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। जालंधर समेत कई इलाकों में गुरुवार सुबह हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, मौसम विभाग ने आज राज्य के 8 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया है।
8 जिलों में आज येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट, होशियारपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
चंडीगढ़ में फिलहाल आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। बुधवार की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे तापमान सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
उधर, गर्मी बढ़ने के साथ पंजाब में बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। गुरुवार शाम राज्य में बिजली की अधिकतम मांग 13,290 मेगावाट तक पहुंच गई। वर्तमान में पंजाब अपने बिजलीघरों से 4,358 मेगावाट बिजली उत्पादन कर रहा है, जबकि करीब 8,800 मेगावाट बिजली केंद्र से खरीदी जा रही है।
22 जून तक बारिश की संभावना
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण पंजाब के ऊपर बने चक्रवाती तंत्र के प्रभाव से 22 जून तक मौसम सक्रिय बना रहेगा। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।