लुधियाना जिले के कस्बा मुल्लापुर में एक पुलिस कॉन्स्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अनोज मसीह (25) के रूप में हुई है, जिसे गर्दन के पास गोली लगी। घटना आज सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है।
अनोज मसीह की ड्यूटी आरएसी लग्जरी कार शोरूम की सुरक्षा में लगी हुई थी। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले शोरूम मालिक को गैंगस्टर की ओर से रंगदारी की धमकी मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने यहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी।
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय अनोज अपने एक साथी के साथ शोरूम परिसर में कार के अंदर बैठा हुआ था। इसी दौरान उसने साथी को पानी लाने के लिए भेजा। कुछ ही देर बाद गोली चलने की आवाज आई। जब साथी वापस लौटा तो अनोज खून से लथपथ हालत में कार की सीट पर औंधे मुंह गिरा मिला।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि गोली अनोज के ही हथियार से चली है, हालांकि इस संबंध में अभी किसी वरिष्ठ अधिकारी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करने के बाद सिविल अस्पताल लुधियाना भेज दिया। शव का पोस्टमार्टम आज किया जाएगा, जिससे मौत के असल कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जरूरी सैंपल एकत्र किए हैं। गौरतलब है कि 16 जनवरी को लुधियाना ग्रामीण पुलिस ने आरएसी शोरूम मालिक को चार सुरक्षाकर्मी मुहैया कराए थे। इनमें से दो सुरक्षाकर्मी शोरूम और दो मालिक के आवास पर तैनात थे। अनोज मसीह भी उन्हीं सुरक्षाकर्मियों में शामिल था।
अनोज मसीह गुरदासपुर जिले के गांव लक्खा कलां का रहने वाला था और उसे अपने पिता के निधन के बाद अनुकंपा के आधार पर पुलिस में भर्ती किया गया था। उसकी अचानक मौत से परिवार और पुलिस विभाग में शोक की लहर है।