ख़बरिस्तान नेटवर्क : भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला की मां यास्मीन पूनावाला का महाराष्ट्र के पुणे में सड़क हादसा हो गया। यह घटना 3 फरवरी की शाम करीब 6 बजे एक पेट्रोल पंप पर हुई, जहां वह मौजूद थीं। हादसे में यास्मीन गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि यास्मीन पेट्रोल पंप के किनारे खड़ी थीं, जबकि उनकी और स्टाफ की गाड़ियों में पेट्रोल डलवाया जा रहा था। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार पीछे की ओर रिवर्स होती हुई उनके पास पहुंचती है।
यास्मीन का ध्यान दूसरी ओर था और उन्हें पीछे आती कार का अंदाजा नहीं हो पाया। कार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ीं। हादसे के बाद पेट्रोल पंप पर मौजूद लोग और उनका स्टाफ तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े।
कार चालक मौके से फरार
हादसे के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।