ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर स्थित किशनपुरा इलाके में एक अनोखी कोठी इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी हुई है। न्यूयॉर्क में कंस्ट्रक्शन का कारोबार करने वाले NRI गुरजीत सिंह मठारू ने अपने पैतृक घर को नया रूप देते हुए उसकी चौथी मंजिल पर अमेरिका की पहचान ‘स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी’ की विशाल प्रतिमा स्थापित करवाई है। नीले आसमान के नीचे खड़ी यह प्रतिमा और उसके साथ लहराते अमेरिकी झंडे दूर से ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं।
न्यूयॉर्क की यादों को जालंधर में संजोया
गुरजीत सिंह मठारू पिछले 26 वर्षों से न्यूयॉर्क में रह रहे हैं। उनका कहना है कि लंबे समय तक वहां रहने के कारण उनका उस शहर से गहरा लगाव हो गया है। वे हर साल भारत आते हैं, इसलिए उन्होंने सोचा कि क्यों न न्यूयॉर्क की उस खास याद को अपने गांव और घर की छत पर ही संजो लिया जाए। इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी कोठी की चौथी मंजिल पर इस स्टैच्यू का निर्माण करवाया, ताकि घर बैठे ही उन्हें अमेरिका का अहसास होता रहे।
फोटोग्राफी के शौक ने दिया अनोखा आइडिया
इस प्रतिमा को बनवाने के पीछे एक दिलचस्प वजह लोगों का फोटोग्राफी के प्रति क्रेज भी है। गुरजीत सिंह ने अमेरिका में देखा था कि पर्यटक स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी के साथ फोटो खिंचवाने के लिए बहुत उत्साहित रहते हैं। उन्होंने तय किया कि वे जालंधर में भी ऐसा ही कुछ बनाएंगे ताकि पंजाब के लोगों को इस प्रतिष्ठित प्रतिमा के साथ फोटो और सेल्फी खिंचवाने के लिए सात समंदर पार न जाना पड़े।
इलाके में बना नया टूरिस्ट स्पॉट
जब से यह स्टैच्यू बनकर तैयार हुआ है, किशनपुरा की यह कोठी एक स्थानीय टूरिस्ट स्पॉट में तब्दील हो गई है। दूर-दराज से लोग इस ‘देसी लिबर्टी’ को देखने पहुंच रहे हैं। गुरजीत सिंह बताते हैं कि लोग न केवल यहां आकर सेल्फी ले रहे हैं, बल्कि उनसे इस स्टैच्यू के निर्माण और कारीगरों के बारे में भी पूछताछ कर रहे हैं। छत पर लगा अमेरिकी झंडा और यह स्टेच्यू अब इस पूरे इलाके की नई पहचान बन चुका है।