जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशों में बैठे हैंडलर्स से जुड़े एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन आधुनिक पिस्तौल और बड़ी संख्या में कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और चारों आरोपियों को हथियारों समेत काबू कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशों में बैठे अपने हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहे थे। वे जालंधर और एसबीएस नगर में हुई फायरिंग और जबरन वसूली की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस के अनुसार, हैंडलर्स इंटरनेट कॉलिंग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए आरोपियों को निर्देश देने के साथ-साथ फंडिंग भी उपलब्ध कराते थे।
इस मामले में थाना भार्गव कैंप में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क, उनके पुराने और नए संपर्कों तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और भी खुलासे हो सकते हैं।