जालंधर : शहर को नए पुलिस कमिश्नर के रूप में सतिंदर सिंह मिल गए हैं। शनिवार को उन्होंने आधिकारिक तौर पर पदभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने से पहले पुलिस लाइन पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रमुखों के साथ बैठक कर शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था की समीक्षा की।
गौरतलब है कि पूर्व पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के तबादले के बाद सतिंदर सिंह को जालंधर पुलिस कमिश्नरेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, धनप्रीत कौर को महाराजा रणजीत सिंह पंजाब पुलिस अकादमी (पीपीए), फिल्लौर में डायरेक्टर नियुक्त किया गया है।
चार्ज संभालने के बाद पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि शहर में नशे और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। वर्ष 1990 में बतौर इंस्पेक्टर पंजाब पुलिस में शामिल हुए सतिंदर सिंह ने कहा कि जनता के सहयोग और पुलिस के बेहतर तालमेल से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस थानों में पब्लिक डीलिंग को और बेहतर बनाया जाएगा तथा लोगों की शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही लगातार ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मचारियों के कल्याण के लिए भी नए कदम उठाए जाएंगे।
नए पुलिस कमिश्नर ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। शहर में अपराध दर को कम करना और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना उनकी मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने जालंधर वासियों से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि उनका जालंधर से पुराना जुड़ाव रहा है और वह अधिकारियों के साथ मिलकर शहर को अपराध मुक्त बनाने की दिशा में काम करेंगे।
सतिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस पहले से ही विभिन्न आपराधिक मामलों को ट्रेस करने में जुटी हुई है और आने वाले समय में अपराध ग्राफ को और नीचे लाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही व्यापारियों और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।