ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में जंडूसिंघा की तरफ जाने वाले एक 20 फुट गड्ढे में बाइक सवार की गिरने से मौत हो गई। बताया जा रह है कि पुल बनाने वाली कंपनी ने पिल्लर बनाने के लिए गड्ढा खोद रखा था। पर देर रात साढ़े 11 बजे के करीब एक बाइक सवार उसमें गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
मदद के लिए नहीं आए लोग
यह भी जानकारी सामने आ रही है कि गड्ढे में गिरने के बाद मृतक काफी देर तक तड़पता रहा। इस दौरान पास में सो रहे मजदूरों को दर्द से कराहते हुए व्यक्ति की आवाज भी सुनाई दी। पर बावजूद उनमें से कोई भी व्यक्ति की मदद करने के लिए नहीं पहुंचा। काफी देर तड़पने के बाद गड्ढे में उसने दम तोड़ दिया।
सुबह-सुबह दुकानदार ने देखी बॉडी
सुबह-सुबह जब स्थानीय लोग जब अपनी दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो उन्होंने गड्ढे में पड़े शव को देखकर पुलिस को इसकी जानकारी दी। दुकानदार ने बताया कि उसने दुकान खोलने के बाद अचानक गड्ढे की तरफ नजर मारी तो अंदर बाइक गिरी दिखी।
मजदूर मदद करते तो बच सकती थी जान
दुकानदार ने जब इस बारे में वहां पर काम कर रहे मजदूरों से पूछा तो उन्होंने बताया कि रात को बाइक सवार गिर गया था। हमें अवाज आई लेकिन हमने सोचा कि निकल गया होगा। जब गड्ढे के अंदर फिर से झांककर देखा तो वहां डेडबॉडी पड़ी थी। बाइक सवार की सरिया लगने से आंख निकल चुकी थी। उसके पास हेडफोन थे लेकिन मोबाइल और पर्स दोनों गायब मिले।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
मौके पर पहुंची जालंधर पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। शव को गड्ढे से निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचा दिया गया है। अभी तक युवक की पहचान नहीं हुई है। पहचान के लिए आस पास के थानों में सूचना दे दी गई है।