ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के भार्गव कैंप में महिला के साथ बदसलूकी करने के मामले में ASI समेत 3 पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं इस मामले में पुलिस प्रशासन ने जांच के भी आदेश दिए हैं।
जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल पुलिस टीम घरेलू विवाद के एक मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार करने के लिए उसके घर भार्गव कैंप में सुबह-सुबह पहुंची थी। आरोप है कि पुलिस ने युवक को घर में सोते हुए ही पकड़ लिया और उसे कपड़े पहनने तक का मौका नहीं दिया। जिसके बाद उसे घसीटते अपने साथ ले गए। इस दौरान युवक के साथ मारपीट भी की गई।
CCTV फुटेज के बाद एक्शन
जब उसकी मां बीच-बचाव के लिए आई, तो पुलिसकर्मियों ने महिला को बालों से पकड़कर बाहर खींच लिया और गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। इसी दौरान युवक ने भी पुलिसकर्मी पर हाथ उठा दिया। यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसकी फुटेज सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया।
महिला आयोग जारी कर चुका है नोटिस
घटना की वीडियो वायरल होने के बाद महिला आयोग ने भी स्वंय संज्ञान लेते हुए पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी किया हुआ है। महिला आयोग ने पुलिस अधिकारियों को आदेश जारी किया है कि वे इस केस से जुड़े तमाम दस्तावेजों, सबूतों और अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट के साथ 24 मार्च 2026 को सुबह 11:00 बजे व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हों।