ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के जमशेर इलाके में स्थित सुधीर स्वीट्स पर फायरिंग करने वाले आरोपी कुलबंत सिंह उर्फ गोपा की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ के दौरान हुई क्रॉस फायरिंग में आरोपी घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, वह जालंधर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
पुलिस ने गुप्त सूचना पर की कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में मौजूद है, जिसके बाद CIA स्टाफ ने उसे पकड़ने के लिए पीछा किया। इसी दौरान दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई, जिसमें कुलबंत सिंह गोपा को गोली लग गई और वह घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
गोल्डी बराड़ ने ली थी फायरिंग की जिम्मेदारी
गौरतलब है कि फगवाड़ा में सुधीर स्वीट्स पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी कुलबंत सिंह गोपा का संबंध सोनू खत्री गैंग से जुड़ा हुआ है। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के बाद कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।