जालंधर में के एल. सहगल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा सहगल सांस्कृतिक केंद्र में भव्य संगीत संध्या ‘तुम बिन जाऊं कहां’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के प्रधान सुखदेव राज, संयोजक चंद्रमोहन शर्मा, सह-संयोजक डॉ. कुलविंदर दीप कौर समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5:30 बजे मेहमानों के स्वागत और चाय-पानी के साथ हुई। इसके बाद डॉ. दविंदर चोपड़ा के संक्षिप्त संबोधन के पश्चात मंच संचालन की जिम्मेदारी चंद्रमोहन शर्मा और डॉ. कुलविंदर दीप कौर ने संभाली।

संगीत संध्या में नरेंद्र, विजय चौधरी, जिमी, कृतिका, रिटायर्ड जनरल एल.एस. वोहरा, मंदीप, माधव, हरप्रीत बेदी, रितु जुल्का और गुलशन टंडन जैसे कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। ‘तुम बिन जाऊं कहां’, ‘जिंदगी के सफर में’, ‘छूकर मेरे मन को’ और ‘जिंदगी एक सफर है सुहाना’ जैसे कालजयी गीतों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस दौरान क्लब के सदस्यों को किडनी की सेहत संभाल के प्रति जागरूक करने के लिए डा. हरमीत रियायत को आमंत्रित किया गया था। डा. हरमीत ने सदस्यों को बताया कि किन आदतों से वे अपनी किडनी को ठीक रख सकते हैं। क्लब की ओर से हर बार किसी एक एक्सपर्ट को बुलाया जाएगा जो सदस्यों को अपनी नालेज से जागरूक करेंगे।

तकनीकी सहयोग रोहित शर्मा और उनकी टीम ने दिया।
अंत में ‘बॉलिवुड क्लब’ की टीम ने सभी अतिथियों और कार्यक्रम प्रायोजक ‘जुपिटर बेटर होम्स’ का धन्यवाद किया। यह आयोजन तालियों की गूंज के साथ एक यादगार शाम बनकर समाप्त हुआ।