ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के बाद फरीदकोट में तीन स्कूल और कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर संबंधित शिक्षण संस्थानों को खाली करवाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। हालांकि अब तक किसी भी स्कूल या कॉलेज से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
ई-मेल के जरिए दी गई धमकी
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान वीरवार को अपनी “शुकराना यात्रा” के तहत फरीदकोट और कोटकपूरा पहुंच रहे हैं। इसी दौरान ई-मेल के जरिए सादिक के सरकारी कन्या स्कूल, फरीदकोट के दशमेश पब्लिक स्कूल और दशमेश डेंटल कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी सामने आते ही पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी।
स्कूलों में करवाई गई छुट्टी
धमकी के बाद फरीदकोट और कोटकपूरा के लगभग सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभिभावकों को भी तुरंत सूचना भेजी गई। सादिक के सरकारी स्कूल को पूरी तरह खाली करवाकर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया, जबकि फरीदकोट के अन्य शिक्षण संस्थानों में भी सुरक्षा एजेंसियां लगातार जांच कर रही हैं।