ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के पक्खोवाल रोड पर एक चलते ट्रक में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कई किलोमीटर तक जलता ट्रक सड़क पर दौड़ता रहा और लोगों में हड़कंप मच गया। वहीं एक राहगीर ने इसकी वीडियो बना ली जोकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
रूई को लोड करके लेकर जा रहा था
बताया जा रहा है कि ट्रक रुई मिल से माल लोड करके जा रहा था। जब ट्रक नारंगवाल चौक के पास पहुंचा तो तकनीकी खराबी के कारण उसमें आग लग गई। आग लगने के बावजूद चालक करीब 4 से 5 किलोमीटर तक ट्रक को भगाकर खुली जगह की तरफ ले गया, ताकि बड़ा हादसा टाला जा सके।
आग की लपटों को देख लोग डरे
आग की ऊंची लपटों के कारण सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालक भी डर गए और काफी दूरी बनाकर चलते रहे। कई लोगों ने ट्रक की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर की। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।