ख़बरिस्तान नेटवर्क : फाजिल्का में बस स्टैंड के पास कार छीनने की घटना सामने आई है। ढाणी रामनगर के सरपंच के बेटों की कार को एक अज्ञात नकाबपोश युवक सरेआम लेकर फरार हो गया। वारदात उस समय हुई, जब दोनों भाई किसी काम से फाजिल्का आए हुए थे और बस स्टैंड के पास स्थित एक शराब के ठेके पर रुके थे।
पहले लगा कोई परिचित कर रहा है मजाक
पीड़ित राजेश कुमार ने बताया कि वह अपने भाई के साथ गाड़ी खड़ी कर ठेके पर बियर लेने के लिए उतरे थे। इसी दौरान मुंह ढके हुए एक युवक ने तेजी से आकर उनकी कार का दरवाजा खोला और अंदर बैठ गया। युवक ने तुरंत गाड़ी की खिड़कियां बंद कर लीं। शुरुआत में दोनों भाइयों को लगा कि कोई परिचित उनके साथ मजाक कर रहा है, लेकिन कुछ ही सेकंड में आरोपी ने कार स्टार्ट की और मौके से फरार हो गया।
राजेश कुमार के अनुसार उन्होंने शोर मचाते हुए आरोपी का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वह तेजी से कार लेकर निकल गया और पकड़ में नहीं आया।
भागते समय दूसरी कार को भी मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने फरार होते समय सामने से आ रही एक अन्य कार को भी जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दूसरी कार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि आरोपी बिना रुके मौके से भागने में सफल रहा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।