जालंधर के चावला मोबाइल शॉप के बाहर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते एक संदिग्ध युवक को मौके पर ही काबू कर लिया गया, जबकि उसका साथी फरार होने में सफल रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दो युवक मोबाइल दुकान के बाहर पहुंचे और अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग के दौरान दुकान का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और उन्होंने एक आरोपी को पकड़ लिया।
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने पकड़े गए युवक की जमकर पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग युवक को जूतों से मारते हुए दिखाई दे रहे हैं।सूचना मिलते ही थाना भार्गव कैंप की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को लोगों के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए थाने ले गई है तथा फरार हुए दूसरे युवक की तलाश शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने लगातार बढ़ रही फायरिंग की घटनाओं पर चिंता जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।