ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के मशहूर चावला मोबाइल शोरूम पर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना सामने आई है। खास बात यह है कि इसी दिन नए पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने पदभार संभालते हुए शहर में अपराध पर लगाम लगाने का दावा किया था। हालांकि चार्ज संभालने के कुछ घंटों बाद ही हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए।
लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ा
लोगों के मुताबिक दो युवक बाइक पर सवार होकर आए थे और उन्होंने अपने चेहरे रुमाल से ढके हुए थे। आरोपियों ने दुकान के बाहर पहुंचकर फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद एक युवक मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी का लोगों ने पीछा किया और बाबा अंबेडकर चौक के पास उसे काबू कर लिया। लोगों ने आरोपी के कब्जे से हथियार भी बरामद कर लिया और बाद में उसकी जमकर पिटाई कर दी।
दुकान पर किए गए तीन फायर
दुकानदार के अनुसार आरोपियों ने कुल तीन गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली दुकान के शीशे पर लगी, जिससे वह टूट गया, जबकि दो गोलियां दीवारों में जा लगीं। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने थाना प्रभारी पर सुरक्षा उपलब्ध कराने के बदले पैसे मांगने का गंभीर आरोप भी लगाया।
पुलिस पर देरी से पहुंचने के आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। इस बात को लेकर व्यापारियों में नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के कारण कारोबारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
एसीपी बोले- आरोपी के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर
घटना की सूचना मिलने के बाद एसीपी आतिश भाटिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि लोगों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को बाइक और हथियार सहित पकड़ लिया, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। एसीपी ने कहा कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है और फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में तीन फायर किए जाने की पुष्टि हुई है। साथ ही यह भी सामने आया है कि दुकानदार को पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं और उस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस दुकानदार के बयान दर्ज कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
व्यापारियों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोगों द्वारा पकड़े गए आरोपी की पिटाई होती दिखाई दे रही है। वारदात के बाद व्यापारियों ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पंजाब में लगातार हो रही फायरिंग और रंगदारी की घटनाओं से कारोबारी वर्ग में भय का माहौल है, जिसे खत्म करने के लिए पुलिस को ठोस कदम उठाने होंगे।