पंजाब में इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) ने गुरुवार को दो बड़े रियल एस्टेट ग्रुपों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर रेड की। यह कार्रवाई फर्जी तरीके से चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) हासिल करने और जमीन मालिकों व ग्राहकों के साथ करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर की गई।
तलाशी के दौरान अलग-अलग जगहों से करीब 1 करोड़ रुपए नकद बरामद किए गए। जांच के दौरान AAP सरकार के मंत्री अमन अरोड़ा का नाम भी सामने आने के बाद उन्होंने आरोपों पर सफाई दी। ED की रेड सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई, जो 24 घंटे बाद भी जारी रही।
मोहाली के खरड़ स्थित वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में ED की टीम एक आईटी कारोबारी के फ्लैट पर पहुंची। टीम को देखते ही कथित तौर पर नौवीं मंजिल से कैश से भरे दो बैग नीचे फेंक दिए गए। बैगों में 500-500 रुपए के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं और नीचे उनका ड्राइवर खड़ा था।
इस दौरान एक बैग जमीन पर गिरते ही फट गया और नोट हवा में उड़ते हुए आसपास बिखर गए। वहीं दूसरा बैग ड्राइवर गाड़ी में डालकर मौके से फरार हो गया। ED की टीम ने पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं लग सका।
ED ने मौके से फटा हुआ बैग कब्जे में लिया, जिसमें से 21 लाख रुपए नकद बरामद हुए। जांच में सामने आया कि बैग की डबल पैकिंग की गई थी। लाल रंग के बैग को सफेद बैग के अंदर छिपाकर रखा गया था।