पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम में लगातार बदलाव जारी है। वही अब 8 से 10 मई तक मौसम शुष्क रहने वाला है। मौसम विभाग ने फिलहाल न तो बारिश और न ही हीट वेव का कोई अलर्ट जारी किया है। हालांकि पहाड़ी इलाकों में पिछले दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि का असर पंजाब के मौसम पर भी देखने को मिल रहा है, जिससे गर्मी में हल्की राहत मिली है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार वीरवार के मुकाबले तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से 6.1 डिग्री कम है। राज्य में सबसे ज्यादा तापमान फरीदकोट में 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है।
10 मई से एक्टिव होगा नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस
मौसम विभाग के मुताबिक इस समय उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और राजस्थान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके साथ पाकिस्तान की ओर से बन रहे हवाओं के सिस्टम के कारण उत्तर भारत के मौसम में बदलाव बना हुआ है। इससे बादल, तेज हवाएं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
वहीं 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ी क्षेत्रों में प्रवेश करेगा। इसके असर से हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसका प्रभाव पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी देखने को मिलेगा।
पंजाब के सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री से नीचे
राज्य के सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। फरीदकोट में 39.2 डिग्री, बठिंडा एयरपोर्ट में 39.1 डिग्री, फाजिल्का-अबोहर में 36.6 डिग्री, बठिंडा में 36.5 डिग्री, पठानकोट में 36 डिग्री और फिरोजपुर में 35.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा अमृतसर में 34.4 डिग्री, भाखड़ा डैम में 33.6 डिग्री, श्री आनंदपुर साहिब में 32.4 डिग्री, लुधियाना में 31.8 डिग्री और पटियाला में 31.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
11 मई से बारिश और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार पंजाब में अगले तीन दिनों तक मौसम गर्म और शुष्क बना रहेगा। 11 मई से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने के बाद मौसम फिर बदल सकता है। 13 मई तक राज्य के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है।
11 मई को इन जिलों में असर ज्यादा रहेगा
पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, मोहाली, पटियाला और संगरूर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।