पंजाब में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के 12 जिलों में अगले तीन दिनों तक बिजली चमकने, हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, इस बीच बठिंडा में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है।
पेड़ गिरने से डेयरी संचालक की मौत
रविवार रात चंडीगढ़, मोहाली, जालंधर और लुधियाना में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इस दौरान फाजिल्का के अबोहर (कंधवाला रोड) में तेज आंधी के कारण एक भारी पेड़ गिर गया। दूध सप्लाई करने जा रहे 40 साल के डेयरी संचालक दविंद्र कुमार की पेड़ के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई।
गर्मी से बिजली की मांग बढ़ी
राज्य में गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की मांग रविवार को 13,770 मेगावाट तक पहुंच गई। इस मांग को पूरा करने के लिए पंजाब को केंद्र से 7,300 मेगावाट बिजली लेनी पड़ी, क्योंकि राज्य का अपना उत्पादन केवल 2,600 मेगावाट ही रहा। इस संकट के बीच तलवंडी साबो, लहरा मोहब्बत और गोइंडवाल साहिब थर्मल प्लांटों की कुल 6 यूनिटें तकनीकी कारणों से बंद हैं, जबकि बाकी आधी क्षमता पर चल रही हैं।
वही 23 जून को फिरोजपुर, फाजिल्का, बठिंडा, बरनाला और पटियाला सहित कई जिलों में आंधी-बारिश का अनुमान। तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। जबकि 24 जून को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर और रूपनगर में मौसम खराब रहेगा। साथ ही 25 जून को कोई अलर्ट नहीं है। मौसम पूरी तरह से शुष्क (Dry) रहेगा।