ख़बरिस्तान नेटवर्क : नवांशहर के बरादरी गार्डन में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय तथा पंजाब आयुर्वेद विभाग के निर्देशों के तहत आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला प्रशासन, जिला आयुष विभाग और आर्ट ऑफ लिविंग संस्था ने संयुक्त रूप से सहयोग दिया। कार्यक्रम में करीब 350 लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

योग के महत्व पर डाला गया प्रकाश
कार्यक्रम का संचालन विज्ञान भारती पंजाब के कन्वीनर संजीव दुग्गल ने किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के महत्व और योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षक मनोज कंडा ने योग प्रशिक्षक की भूमिका निभाते हुए कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योग क्रियाएं करवाईं और उनके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।

इस अवसर पर आयुष विभाग की ओर से डॉ. ज्योति, डॉ. रमगीत, प्रशिक्षक दीपक, अतुल्य तथा बीएमपीएस स्कूल की छात्रा अदिति कंडा ने भी अपनी सेवाएं दीं।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक डॉ. नच्छत्तर पाल, सहायक कमिश्नर जनरल रमणजीत सिंह, सिविल सर्जन डॉ. गुरिंदरजीत सिंह, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सरबजीत कौर, डॉ. अमरप्रीत कौर ढिल्लों, डॉ. प्रदीप अरोड़ा, संदीप जैन, संजीव दुग्गल और विनोद कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई।

योग से जीवन में आएगी सकारात्मकता : रमणजीत सिंह
सहायक कमिश्नर जनरल रमणजीत सिंह ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी प्रतिभागियों, योग प्रशिक्षकों और आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मकता का भी आधार है। योग के माध्यम से दिया गया यह संदेश हर व्यक्ति के जीवन को खुशहाल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

योग स्वस्थ और संतुलित जीवन की राह : सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. गुरिंदरजीत सिंह ने कहा कि योग किसी एक दिन का अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का एक प्रभावी मार्ग है। उन्होंने कहा कि लोगों ने जिस उत्साह, अनुशासन और ऊर्जा के साथ योग सत्र में भाग लिया, उसने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

पौधों का वितरण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के समापन पर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सरबजीत कौर ने जिला प्रशासन, समाजसेवी संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों और शहरवासियों का धन्यवाद किया। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत उपस्थित लोगों को पौधे भेंट किए तथा पार्क में पौधारोपण भी करवाया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, आयुर्वेदिक आरोग्य केंद्रों से जुड़े योग साधक, सरकारी कर्मचारी और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को लस्सी, नींबू पानी और फलों का वितरण भी किया गया।
