ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर में एक कारोबारी पर फायरिंग की घटना सामने आई है। जहां 2 हमलावरों ने कारोबारी की गाड़ी का पीछा कर उस पर गोलियां चलाई हैं। जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल होने के बावजूद वह किसी तरह अपने दोस्त के पास पहुंचा, जिसके बाद उसके दोस्त ने कारोबारी को अस्पताल में भर्ती करवाया।
शनिवार की बताई जा रही है घटना
जानकारी के मुताबिक यह घटना शनिवार को 88 फुट रोड इलाके की है। इसकी एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें हमलावर फायरिंग करता हुआ दिख रहा है। कारोबारी को हमले में 3 गोलियां लगी हैं, जिसमें उसे एक पीठ और दिल के पास लगी हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुरानी रंजिश के तहत चलाई गोलियां
वहीं इस मामले पर पुलिस अधिकारी का भी बयान सामने आया है। पुलिस ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच साल 2022 से विवाद चल रहा है। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने कारोबारी पर गोलियां चला दी। मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।