ख़बरिस्तान नेटवर्क : ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने प्रधानमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर आकर कहा कि लेबर पार्टी को नहीं लगता है कि मैं अगले चुनाव में नेतृत्व करने के लिए सही इंसान हूं। इसलिए मैं अपने प्रधानमंत्री और पार्टी पद के नेता से इस्तीफा देता हूं।
लगातार हो रहा था विरोध
दरअसल लगातार स्टार्मर के नेतृत्व को लेकर उनकी लेबर पार्टी विरोध कर रही थी। पिछले कुछ महीने में कई सांसदों और मंत्रियों ने उनकी कार्यशैली को लेकर सवाल खड़ा किया था। पार्टी के खराब प्रदर्शन और उनकी गिरती लोकप्रियता के कारण कीर स्टार्मर के ऊपर काफी दबाव बन गया था। जिस कारण उन्हें यह फैसला लेना पड़ा।
ब्रिटेन को 7 साल में छठा प्रधानमंत्री मिलेगा
रिपोर्ट के मुताबिक एंडी बर्नहैम उनके उत्तराधिकारी बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं। बर्नहैम ने हाल ही में मेकरफील्ड उपचुनाव जीतकर संसद में वापसी की है और उन्हें लेबर सांसदों के बड़े वर्ग का समर्थन प्राप्त बताया जा रहा है।
स्टार्मर पिछले 10 साल में कार्यकाल पूरा होने से पहले पद छोड़ने वाले छठे ब्रिटिश प्रधानमंत्री होंगे। इससे पहले डेविड कैमरन, थेरेसा मे, बोरिस जॉनसन, लिज ट्रस और ऋषि सुनक भी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके थे।