जालंधर में सतगुरु श्री गुरु रविदास जी का 649वां प्रकाश पर्व 1 फरवरी को देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इसी कड़ी में आज बूटा मंडी स्थित श्री गुरु रविदास धाम से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। इस पावन अवसर पर शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल, भाजपा नेता विजय सांपला सहित कई प्रमुख नेता शोभायात्रा में शामिल हुए।
सुखबीर बादल ने शुभकामनाएं दीं
शोभायात्रा के दौरान सुखबीर बादल ने पंजाबवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हर साल की तरह इस वर्ष भी श्री गुरु रविदास धाम, बूटा मंडी से शोभायात्रा निकाली जाती है, जिसमें लाखों की संख्या में संगत शामिल होकर इस पावन पर्व को श्रद्धा से मनाती है। उन्होंने कहा कि पंजाब ऐसा राज्य है, जहां सभी धर्मों के लोग आपसी भाईचारे और प्रेम के साथ रहते हैं और यही पंजाब की सबसे बड़ी ताकत है।
सुखबीर बादल ने लोगों से अपील की कि सभी मिल-जुलकर पंजाब और देश को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि पंजाब हमारा घर है और जब हमारा घर मजबूत होगा, तभी सब कुछ सही रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जालंधर दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि पवित्र अवसर पर जो भी यहां आए, उसका दिल से स्वागत और आभार किया जाना चाहिए।
हर साल की तरह इस बार भी बूटा मंडी से निकलने वाली शोभायात्रा और तीन दिवसीय मेले को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस अवसर पर पूरे इलाके को रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है।
शोभायात्रा और प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर को कई जोनों में बांटते हुए रूट डायवर्जन योजना लागू की है। 31 जनवरी को सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा, जबकि कुछ रास्तों पर प्रतिबंध 1 फरवरी तक जारी रह सकता है। भारी वाहनों की शहर में एंट्री पर पूरी तरह रोक लगाई गई है और सुरक्षा कारणों के चलते स्कूलों में अवकाश रखा गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पीएम मोदी 1 फरवरी को शाम करीब 4 बजे आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वे हेलिकॉप्टर के जरिए डीएवी यूनिवर्सिटी परिसर में बने हैलिपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वे डेरा सचखंड बल्लां पहुंचकर माथा टेकेंगे।