ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के आदमपुर में एक महिला ने प्रधानमंत्री और डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार को जब प्रधानमंत्री मोदी डेरा बल्लां में नमन करने पहुंचे, तो उसके कुछ ही देर बाद महिला ने सोशल मीडिया पर एक विवादित वीडियो अपलोड कर दिया।
इस वीडियो के वायरल होते ही विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। जडूसिंघा के पंच जोगिंदर पाल सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के डेरा सचखंड बल्लां दौरे के बाद महिला ने यह वीडियो बनाया और अपने सोशल मीडिया पर साझा किया। इस वीडियो में महिला ने गालियां दी हैं और आपत्तिजनक बातें कही हैं।
शिकायत मिलने के बाद आदमपुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को उसके घर से हिरासत में लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस ने महिला का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है और वीडियो के पीछे के असल मकसद की जांच की जा रही है।