पंजाब के मानसा शहर में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तिकोनी चौक पर तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मोटरसाइकिल बुरी तरह टूट गई, जबकि टक्कर के बाद कार 360 डिग्री घूम गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कार की रफ्तार साफ नजर आ रही है।
हादसा बीती रात करीब 9 बजे हुआ। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, तेज गति से आ रही स्विफ्ट कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों भाई काफी दूर तक घसीटते चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इलाके में शोक का माहौल
मृतकों की पहचान हरदीप सिंह और गुरदीप सिंह के रूप में हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। एक ही परिवार के दो नौजवान बेटों की एक साथ मौत से इलाके में शोक का माहौल है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्विफ्ट कार चालक सुखविंदर सिंह को हिरासत में ले लिया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसे के वक्त वह नशे में था या नहीं। थाना सिटी-2 के इंचार्ज गुरतेज सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है और मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।



