ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर श्री राम चौक पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आप सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया है।भाजपा नेताओं की तरफ से यह प्रदर्शन मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान को लेकर किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां पकड़ी हुई है, जिस पर लिखा है कि मैं आतंकवादी के घर नहीं रुकता, मैं आतंकवादी नहीं हूं, मैं केजरीवाल नहीं हूं। वहीं सीएम मान के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
सीएम-डीजीपी के बयान अलग-अलग -मनोरंजन कालिया
पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता मनोरंजन कालिया ने कहा कि एक तरफ पंजाब के डीजीपी कहते हैं कि जालंधर में हुए धमाके के पीछे ISI का लिंक है। जबकि पंजाब के मुख्यमंत्री कहते हैं चुनाव नजदीक आ रहे हैं तो यह बीजेपी ने करवाया है। क्या सीएम ने इस मामले पर डीजीपी से कोई बात नहीं की। क्योंकि वे कुछ और कह रहे हैं और सीएम कुछ और। इसका मतलब है कि दोनों में से कोई एक ठीक है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ केस दर्ज किया जाए
उन्होंने आगे कहा कि अगर पुलिस को लगता है कि सीएम ठीक हैं तो हमारे ऊपर केस दर्ज करो, क्योंकि हम गिरफ्तारी देने के लिए आए हैं। अगर नहीं तो पंजाब के मुख्यमंत्री के ऊपर FIR दर्ज करवाई जाए। क्योंकि जब विपक्षी नेता प्रताप सिंह बाजवा ने पंजाब में आए 50 बम को लेकर बात कही थी तब उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। जब विपक्षी नेता पर हो सकती है तो पंजाब के मुख्यमंत्री पर क्यों नहीं।
सीएम का बयान निंदनीय- सुशील रिंकू
वहीं पूर्व सांसद सुशील रिंकू ने कहा कि 5 राज्यों में आए चुनाव नतीजों के कारण आम आदमी पार्टी बौखला गई है। जिस कारण पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ऐसे बयान दे रहे हैं जोकि बेहद ही निदंनीय है। मुख्यमंत्री को पहले अपनी पुलिस के साथ इस मामले पर रिव्यू कर लेना चाहिए था।