गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने उनके नाम पर सोशल मीडिया पर वायरल किए गए फर्जी नियुक्ति पत्र को लेकर डीजीपी पंजाब से शिकायत की है। उन्होंने इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फर्जी नियुक्ति पत्र वायरल
रंधावा ने बताया कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के नाम से एक नकली पत्र सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है, जिसमें उन्हें पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने का दावा किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पत्र पूरी तरह फर्जी है और पार्टी कार्यकर्ताओं को गुमराह करने तथा उनकी छवि खराब करने की साजिश के तहत फैलाया गया है।
गौरतलब है कि पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव को लेकर पिछले कुछ समय से दिल्ली में लगातार बैठकें हो रही हैं। इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, प्रताप सिंह बाजवा, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा और विजय इंदर सिंगला समेत कई नेताओं से मुलाकात की।
राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान ही रंधावा की नियुक्ति से जुड़ा यह फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद रंधावा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसे फर्जी बताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
DGP से की कार्रवाई की मांग
रंधावा ने डीजीपी को लिखे पत्र में मांग की है कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर साइबर और तकनीकी जांच करवाई जाए, ताकि फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उसे फैलाने वालों की पहचान की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले उनके निधन की झूठी खबर भी सोशल मीडिया पर फैलाई गई थी, लेकिन उस मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।