ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना में सोमवार को शिवसेना पंजाब के चेयरमैन राजीव टंडन के काफिले को कुछ प्रदर्शनकारियों ने रोक लिया, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना फ्रेंड्स रीजेंसी के निकट हुई, जहां सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर चेतन के खिलाफ विभिन्न सिख जत्थेबंदियों द्वारा धरना दिया जा रहा था।
पायलट गाड़ी का शीशा टूटा
जानकारी के अनुसार, राजीव टंडन अपने कार्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी पायलट गाड़ी धरनास्थल के पास पहुंची तो वहां मौजूद कुछ निहंग सिंहों ने गाड़ी को पहचान लिया। इसके बाद विरोध स्वरूप नारेबाजी शुरू हो गई और गाड़ी का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर हालात को नियंत्रित किया। बाद में CIA-1 और स्थानीय पुलिस की अतिरिक्त टीमें भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने सुरक्षा घेरे में राजीव टंडन के काफिले को वहां से सुरक्षित रवाना कर दिया।
पुरानी टिप्पणी को लेकर चल रहा विवाद
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले राजीव टंडन ने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक स्थानों पर कृपाण लेकर चलने को लेकर नियम सख्त करने की मांग की थी। उनकी इस टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया था। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।