उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को एक इंस्टीट्यूट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद छात्रों को बाहर निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जान बचाने के लिए कई छात्रों ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे कई लोग घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के दौरान एक युवक आग से बचने के लिए इमारत से कूद गया, लेकिन नीचे लगी लोहे की नुकीली ग्रिल पर गिर गया। ग्रिल उसके पेट में घुस गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल 14 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हैं। आग की लपटें पास के एक अन्य कॉम्प्लेक्स तक भी पहुंच गई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ छात्र तारों के सहारे नीचे उतरे, जबकि कई देर तक इमारत के अंदर फंसे रहे। घटना के बाद इलाके में घना धुआं फैल गया, जिससे आसपास अंधेरे जैसी स्थिति बन गई।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। बचाव अभियान लगातार जारी है।