दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में रविवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार फिलहाल हमले के मकसद का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने बताया कि कुछ पीड़ितों को सड़कों पर अचानक निशाना बनाया गया। यह गोलीबारी बेकर्सडाल इलाके में एक शराबखाने के पास हुई।
मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि यह इस महीने दक्षिण अफ्रीका में दूसरी बड़ी गोलीबारी की घटना है। इससे पहले 6 दिसंबर को राजधानी प्रिटोरिया के पास एक हॉस्टल में हुई फायरिंग में 12 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें एक तीन साल का बच्चा भी शामिल था। पुलिस के मुताबिक, उस हॉस्टल में अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी।
करीब 6.3 करोड़ की आबादी वाले दक्षिण अफ्रीका में अपराध की दर काफी अधिक है और यह दुनिया के उन देशों में शामिल है, जहां हत्या की दर सबसे ज्यादा मानी जाती है।