असम के सोनितपुर जिले से एक बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आई है। जहा रविवार रात ढेकियाजुली थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-15 (NH-15) पर एंबुलेंस और ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस एक मरीज और उसके परिजनों को लेकर तेजपुर चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल (TMCH) जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
2 की हालत गंभीर
सोनितपुर के एसएसपी बरुन पुरकायस्थ ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में मरीज, उसके परिजन और एंबुलेंस स्टाफ शामिल हो सकते हैं। वहीं, दो गंभीर घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।