होशियारपुर के गढ़शंकर इलाके में जालंधर के बाद एक और सनसनीखेज गोलीकांड सामने आया है। यहां धार्मिक स्थल पर माथा टेकने जा रही एक महिला की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। महिला को सामने से पिस्टल से तीन गोलियां मारी गईं, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
घात लगाए बैठे हमलावर ने ताबड़तोड़ फायरिंग की
मृतका की पहचान महदवाणी गांव निवासी 58 साल रचना देवी के रूप में हुई है। रचना देवी के पति पंजाब पुलिस से रिटायर बताए जा रहे हैं। घटना सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है, जब वह घर से निकलकर धार्मिक स्थल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे हमलावर ने अचानक उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही गढ़शंकर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास की दुकानों और धार्मिक स्थलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, लेकिन फिलहाल हमलावर की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार, महिला की किसी से रंजिश थी या हत्या के पीछे क्या कारण है, इसकी जांच की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।