चंडीगढ़ में शनिवार सुबह इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) ने पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के सेक्टर-2 स्थित आवास पर छापेमारी की। करीब 20 गाड़ियों में पहुंची ED टीम ने पूरे घर को घेर लिया, जबकि सुरक्षा के लिए भारी संख्या में CRPF जवान तैनात किए गए। फिलहाल किसी को भी घर के अंदर जाने या बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, अभी तक रेड के आधिकारिक कारणों का खुलासा नहीं हुआ है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि मंत्री संजीव अरोड़ा उस समय घर पर मौजूद थे या नहीं।करीब 20 दिन पहले भी ED ने संजीव अरोड़ा और उनके दो पार्टनर्स के लुधियाना और जालंधर स्थित ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच एजेंसी को संदेह है कि राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर पंजाब में अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क को संरक्षण दिया गया और बदले में मुनाफे में हिस्सेदारी ली गई।
ED के अनुसार, अरोड़ा पर अपनी कंपनियों और एंट्री ऑपरेटरों के जरिए सट्टेबाजों के बेहिसाब पैसे को वैध निवेश में बदलने और मनी लॉन्ड्रिंग में मदद करने के आरोप हैं। जांच में फर्जी निर्यात बिल, UAE से फंड की राउंड-ट्रिपिंग और फर्जी GST फर्मों के जरिए खरीदारी दिखाने जैसे मामलों की भी पड़ताल की जा रही है।
इधर, मोहाली के खरड़ स्थित वेस्टर्न टावर में IT कारोबारी नितिन गोहिल के ठिकाने पर ED की 40 घंटे लंबी रेड शुक्रवार देर रात खत्म हुई। कार्रवाई के बाद अधिकारी 6 बैग सामान लेकर बाहर निकले, हालांकि नितिन गोहिल उनके साथ नजर नहीं आया, जिससे गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हो सकी।
नितिन गोहिल को मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD राजबीर घुम्मन का करीबी बताया जा रहा है। रेड के दौरान उसके घर से 500 रुपये के नोट फेंके जाने का वीडियो भी सामने आया था। हालांकि CM भगवंत मान ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए किसी भी संबंध से इनकार किया था।
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला फर्जी तरीके से Change of Land Use (CLU) हासिल करने, जमीन मालिकों और ग्राहकों के साथ करोड़ों की धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हुआ है। इससे पहले ED ने प्रेस नोट जारी कर 1 करोड़ रुपये की बरामदगी का दावा भी किया था।
इस मामले में मंत्री अमन अरोड़ा का नाम भी चर्चा में आया। ED का दावा है कि मनी लॉन्ड्रिंग आरोपी गौरव धीर उनके करीबी हैं। हालांकि अमन अरोड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गौरव धीर को अपना दोस्त बताया, लेकिन किसी भी तरह के बिजनेस संबंध होने से साफ इनकार कर दिया।