ख़बरिस्तान नेटवर्क : राजस्थान एटीएस ने एक बड़े सुरक्षा खतरे को टालते हुए पंजाब के तरनतारन से एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है। आरोपी पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) की गोपनीय गतिविधियों के वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजने का गंभीर आरोप है।
सोशल मीडिया पर देशविरोधी गतिविधियों का जाल
जांच एजेंसियों को उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स की पड़ताल के दौरान चौंकाने वाले सबूत मिले हैं। गुरविंदर के अकाउंट्स पर न केवल प्रो-खालिस्तान और प्रो-पाकिस्तान सामग्री साझा की गई थी, बल्कि वह चैट के जरिए आतंकी संगठन के लोगों से लगातार संवाद कर रहा था।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब राजस्थान एटीएस की मॉनिटरिंग शाखा ने डिजिटल फुटप्रिंट्स के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों को ट्रैक किया। पुख्ता सबूत मिलने के बाद शुक्रवार को राजस्थान एटीएस की टीम ने पंजाब में दबिश दी और आरोपी को धर दबोचा।
नेटवर्क को खंगाल रही हैं सुरक्षा एजेंसियां
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब राजस्थान एटीएस और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियां उसके संभावित नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी के साथ इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे और क्या उसे सीमा पार से किसी तरह की आर्थिक मदद मिल रही थी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना है।