फिरोजपुर शहर के मलवाल रोड पर उस समय सनसनी फैल गई जब बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने एक कपड़ों के शोरूम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन गोलियां लगने से शोरूम के शीशे चकनाचूर हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार दो युवक अचानक शोरूम के बाहर पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां शोरूम के शीशों पर लगीं, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के समय शोरूम के अंदर और बाहर मौजूद लोग दहशत में आ गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए, जबकि पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।