जालंधर शहर के लोगों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू आज (24 जून) शहर को दो नए रोड ओवरब्रिज (ROB) की सौगात देंगे। गुरु नानक पुरा और बस स्टैंड रेलवे फाटक पर कुल 112 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन दोनों ओवरब्रिजों का शिलान्यास किया जाएगा।
पहला शिलान्यास दोपहर 3 बजे गुरु नानक पुरा रेलवे क्रॉसिंग (बी-67-ए) और दूसरा शाम 4 बजे बस स्टैंड के पास रेलवे क्रॉसिंग (एस-4) पर किया जाएगा।
18 महीनों में पूरा होगा काम
गुरु नानक पुरा रेलवे फाटक पर करीब 49 करोड़ रुपये और गढ़ा रोड-बस स्टैंड फाटक पर लगभग 63 करोड़ रुपये की लागत से ओवरब्रिज तैयार होगा। दोनों पुल लगभग 500-500 मीटर लंबे होंगे और इन्हें 18 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
जाम से मिलेगी राहत
इन ओवरब्रिजों के बनने से रोजाना लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत मिलेगी। खासकर विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और बस स्टैंड आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ा फायदा होगा।
हालांकि निर्माण कार्य के दौरान अगले एक साल तक कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इसके लिए रेलवे और ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक रूटों की योजना भी तैयार कर ली है।आधुनिक तकनीक से बनने वाले इन ओवरब्रिजों पर पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ और सुरक्षा रेलिंग की भी व्यवस्था होगी।