केंद्र सरकार ने आज साफ किया कि देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (एलपीजी) की कोई कमी नहीं है। सरकार के अनुसार, भारत के पास लगभग 60 दिनों का पर्याप्त ईंधन भंडार मौजूद है और सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने ईंधन की कमी की खबरों को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया। मंत्रालय ने कहा कि यह एक जानबूझकर फैलाया गया गलत सूचना अभियान है, जिसका उद्देश्य लोगों में डर और दहशत पैदा करना है।
60 दिन का ईंधन स्टॉक मौजूद
मंत्रालय के मुताबिक, देश की सभी रिफाइनरियां 100 प्रतिशत से अधिक क्षमता पर काम कर रही हैं और भारत न केवल अपनी जरूरतें पूरी कर रहा है, बल्कि 150 से अधिक देशों को ईंधन का निर्यात भी कर रहा है। अगले 60 दिनों के लिए कच्चे तेल की आपूर्ति पहले ही सुनिश्चित कर ली गई है।
सरकार ने बताया कि देश के पास कुल मिलाकर 74 दिन की कच्चे तेल और ईंधन भंडारण क्षमता है। पश्चिम एशिया में तनाव के बावजूद भारत में ईंधन आपूर्ति पूरी तरह स्थिर बनी हुई है और किसी भी तरह की कमी की आशंका नहीं है।
एलपीजी को लेकर भी सरकार ने कहा कि घरेलू उत्पादन बढ़ने और अतिरिक्त आयात की व्यवस्था के चलते इसकी आपूर्ति पर्याप्त है। कई देशों से अतिरिक्त कार्गो भी मंगाए गए हैं, जिससे सप्लाई लगातार बनी हुई है।
घबराने की जरूरत नहीं
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट से बचें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।