मोहाली के फेज-3बी2 स्थित एक जिम में वर्कआउट के दौरान 23 साल के युवक की अचानक मौत हो गई। घटना के बाद जिम में अफरा-तफरी मच गई। युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान चंडीगढ़ के सेक्टर-56 निवासी मुकेश के रूप में हुई है। वह बुधवार को रोजाना की तरह अपनी पत्नी संध्या और दोस्त अमन के साथ फेज-3बी2 स्थित फिट एक्सपो जिम में एक्सरसाइज करने पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुकेश लेग्स वर्कआउट कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वह जमीन पर गिर पड़े। कुछ ही सेकंड में वह बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद पत्नी, दोस्त और जिम स्टाफ ने उन्हें तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके।
इस साल जनवरी में हुई थी लव मैरिज
मुकेश और संध्या ने इसी साल जनवरी में लव मैरिज की थी। शादी को अभी सिर्फ पांच महीने ही हुए थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही मटौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार को सौंप दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।